
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर पर्वतीय क्षेत्रों के विकास कार्यों की रफ्तार परखी। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों के लिए पूर्व में की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।
विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000
स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर विशेष जोर समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क कनेक्टिविटी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केदारनाथ और रुद्रप्रयाग जैसे संवेदनशील और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता और दवाओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेंडिंग फाइलों पर जताई नाराजगी मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण अटकी योजनाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को आपसी सामंजस्य बिठाकर सड़क परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि घोषणाओं को पूरा करने के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, लेकिन गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं होना चाहिए।


