देहरादून के DAV कॉलेज में हंगामा, छात्रसंघ कार्यक्रम में छात्र घायल

देहरादून के DAV कॉलेज में हंगामा, छात्रसंघ कार्यक्रम में छात्र घायल
👁️ 2 Views

देहरादून: राजधानी के प्रतिष्ठित डीएवी (पीजी) कॉलेज में आज यानी शनिवार को छात्रसंघ समारोह के दौरान उस समय भारी हंगामा और अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000

मुख्यमंत्री के जाते ही बिगड़ा माहौल

जानकारी के अनुसार, कॉलेज में छात्रसंघ समारोह का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए थे। जब तक मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे, सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन उनके कार्यक्रम स्थल से निकलते ही माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जब हरियाणवी गायक मासोम शर्मा प्रस्तुति दे रहे थे, तभी पंडाल में डांस कर रहे छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुँच गई और एक गुट के छात्र ने दूसरे गुट के छात्र पर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल छात्र की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो डीएवी इंटर कॉलेज का छात्र बताया जा रहा है। उसके हाथ पर चाकू के गहरे घाव आए हैं।

परिसर में मची भगदड़

चाकूबाजी की घटना होते ही पंडाल में भगदड़ मच गई। कार्यक्रम देख रहे छात्र-छात्राएं जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घायल छात्र को लहूलुहान हालत में तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस हमलावर छात्रों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल परिसर में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है और कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।

🔥 ताजा खबरें
📂 कैटेगरीज
Scroll to Top