देहरादून। राजधानी देहरादून में एक निजी अस्पताल की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई जिसमें एक 20 वर्षीय महिला की सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद मौत हो गई थी, और पोस्टमार्टम में उसके पेट में सर्जिकल टेप मिलने की पुष्टि हुई है।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में पाया गया कि सर्जरी के दौरान आवश्यक मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) देहरादून ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने तक अस्पताल का संचालन स्थगित रहेगा। यदि लापरवाही की पुष्टि होती है तो अस्पताल के खिलाफ FIR दर्ज करने और स्थायी लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी।
इस घटना ने पूरे शहर में मेडिकल सिस्टम की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी निजी अस्पतालों को सर्जिकल सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं।
#DehradunNews #Uttarakhand #MedicalNegligence #HospitalLicense #HealthNews #Dehradun