जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ सेक्टर में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान उत्तराखंड के वीर सपूत जवान गजेंद्र ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। आतंकी मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
शहीद जवान गजेंद्र की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव (देहरादून जनपद) पहुंची, जहां उन्हें अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजन शोक में डूबे रहे, वहीं स्थानीय लोगों और प्रशासन ने नम आंखों से वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों में “भारत माता की जय” और “शहीद गजेंद्र अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने शहीद को सलामी दी और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
शहीद गजेंद्र की शहादत से पूरे देहरादून और उत्तराखंड में शोक की लहर है। राज्यवासियों ने उनके बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश को ऐसे वीर जवानों पर गर्व है।