
रिश्तों का कत्ल; मां-बेटी ने मिलकर की घर के मुखिया की हत्या, 12 साल के मासूम ने खोला राज
हरिद्वार (श्यामपुर): धर्मनगरी हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ मिलकर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से इस जघन्य अपराध को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और पुलिस को गुमराह किया, लेकिन घर के 12 वर्षीय छोटे बेटे की गवाही ने कातिल मां और बहन के चेहरे से नकाब उतार दिया।
विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000
घटना के अनुसार, श्यामपुर क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ मिलकर पति (35 वर्ष) पर हमला कर दिया। संघर्ष के दौरान तकिए से दम घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शोर मचाया कि मृतक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की गवाही ने पलटा केस पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, तो मृतक के 12 वर्षीय बेटे ने रोते हुए अपनी दादी और पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां और बड़ी बहन को पिता का गला दबाते देखा था। बच्चे के इस खुलासे के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण ‘दम घुटना’ (Strangulation) पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी नाबालिग बेटी को संरक्षण गृह भेजते हुए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।


