
देहरादून। राजधानी देहरादून में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बल्लीवाला फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की साइड वॉल (रेलिंग) से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर रेलिंग को तोड़ते हुए हवा में लटक गया। गनीमत रही कि डंपर नीचे सर्विस लेन पर नहीं गिरा, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर लगभग तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000
सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी जानकारी के अनुसार, हादसा आज सुबह तड़के हुआ। डंपर (यूके 07 सीसी ****) तेज गति से आईएसबीटी की ओर जा रहा था। बल्लीवाला फ्लाईओवर पर चढ़ते समय चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और डंपर सीधे कंक्रीट की साइड वॉल से जा टकराया। टक्कर लगते ही जोर का धमाका हुआ और डंपर का अगला हिस्सा रेलिंग तोड़कर बाहर निकल गया। घटना के वक्त सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था, जिससे नीचे चल रहे वाहन इसकी चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस और क्रेन की मदद से हटाया गया डंपर सूचना मिलते ही वसंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत फ्लाईओवर पर दोनों तरफ से बैरिकेडिंग कर यातायात को रोक दिया और ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया। डंपर के हवा में लटके होने के कारण इसे हटाना एक बड़ी चुनौती थी। काफी मशक्कत के बाद बड़ी क्रेन की मदद से डंपर को पीछे खींचा गया और सड़क से हटाया गया। लगभग 10 बजे के बाद ही फ्लाईओवर पर यातायात सुचारू हो सका। पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है और डंपर मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।


