
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) द्वारा शहर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे ‘सर्विस लाइन रिप्लेसमेंट’ अभियान के कारण राजधानी के कई इलाकों में बिजली संकट गहरा गया है। विभाग के आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, 20 अप्रैल तक शहर के विभिन्न हिस्सों में सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक, और कुछ फीडरों पर शाम 6:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000
इन इलाकों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर: यूपीसीएल के अनुसार, मातावालाबाग-भंडारीबाग बिजलीघर के तहत आने वाले लक्ष्मणचौक फीडर पर 19 और 20 अप्रैल को काम चलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली गुल रहेगी। इसके अलावा कौलागढ़ के एफआरआई फीडर, आईएचएम गढ़ी बिजलीघर के कांडली फीडर और टर्नर रोड क्षेत्र में भी सर्विस लाइन बदलने का काम अंतिम चरण में है।
क्यों हो रही है कटौती? यूपीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने से पहले पुरानी और जर्जर लाइनों को बदला जा रहा है ताकि भविष्य में ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या न हो। इस दौरान कई जगह पुराने पोल हटाने और नए ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने का काम भी साथ-साथ किया जा रहा है।
जनता को परेशानी: लगातार हो रही इस कटौती से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वर्क-फ्रॉम-होम करने वाले पेशेवरों और स्कूली छात्रों की ऑनलाइन गतिविधियों पर इसका असर पड़ रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और आवश्यक कार्यों को बिजली कटौती के समय से पहले निपटाने की अपील की है।


