हैल्थ

जनसेवा के संकल्प के साथ ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन का स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर संपन्न, 35 लोगों ने किया रक्तदान

किच्छा। समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से नवगठित ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की ओर से मंगलवार, 25 अगस्त को मेट्रोपोलिस मॉल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की, जबकि 35 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।

शिविर का आयोजन संस्था के संस्थापक व आयोजक दीपक पांडे के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। जन्मदिन को किसी व्यक्तिगत उत्सव के बजाय जनसेवा के रूप में मनाने के प्रयास की कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सराहना की।

तिलक राज बेहड़ ने की संस्था के प्रयासों की सराहना

कार्यक्रम में पहुंचे पांच बार के विधायक एवं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को समाजसेवा के रूप में मनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। रक्तदान जैसे आयोजनों से जरूरतमंदों को जीवन बचाने में मदद मिलती है और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता भी बढ़ती है।

उत्तम दत्ता ने हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने भी शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं और सहायता पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने दी सेवाएं

शिविर में कात्यायनी मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल और शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर मुख्य सहयोगी रहे। एलोपैथी के साथ-साथ होम्योपैथी, दंत चिकित्सा, न्यूरो थेरेपी और आयुर्वेद से जुड़े विशेषज्ञों ने लोगों को सेवाएं एवं परामर्श दिया।

कैलाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. पीयूष फुलारा ने होम्योपैथी के संबंध में जानकारी दी। देवकी डेंटल क्लिनिक के डॉ. नितिन त्रिपाठी ने दंत रोगों की जांच कर दांतों की देखभाल के तरीके बताए। वरिष्ठ न्यूरो थेरेपिस्ट प्रमोद राजपूत ने मरीजों को न्यूरो थेरेपी प्रदान की, जबकि बरेली से पहुंचे आयुर्वेद विशेषज्ञ अजय जैन ने आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी।

इसके अलावा महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं देवभूमि अंगदान केंद्र की ओर से एस.के. मित्तल ने लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक किया।

डॉ. जसविंदर गिल ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

कात्यायनी मेडिकल सेंटर के डायरेक्टर एवं सीनियर लैप्रोस्कोपिक सर्जन व प्रोक्टोलॉजिस्ट डॉ. जसविंदर गिल ने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं में देश और समाज के प्रति सेवा भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य एवं रक्तदान कार्यक्रमों को ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के साथ मिलकर आगे भी निरंतर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मेट्रोपोलिस मॉल के मैनेजर देवीलाल, डॉ. जसविंदर गिल, समाजसेविका नंदी चंदोला, फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे और आयोजक दीपक पांडे ने सभी 35 रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

जरूरतमंदों को भोजन वितरण कर मनाया जन्मदिन

दीपक पांडे ने जन्मदिन के अवसर पर गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े डायरेक्टर, राइटर एवं अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री ने भी पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाया नवगठित फाउंडेशन का हौसला

कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंदर सिंह चुग, ‘जिंदगी जिंदाबाद’ संस्था के सदस्य तथा जीवन ज्योति वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष अलका अरोड़ा एवं भरत मेहरा सहित कई समाजसेवियों ने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।

सहयोगियों और स्वयंसेवकों का जताया आभार

फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे ने आयोजन की सफलता के लिए सहयोगी संस्थानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से रावल एजेंसी के हर्ष रावल, एडवांस टेंट के सुधीर अरोड़ा और CAD इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्किल के मयंक श्रीवास्तव के सहयोग की सराहना की।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक जरूरतमंद लोगों की मदद पहुंचाना है और इसके लिए टीम अपने दैनिक जीवन से समय निकालकर लगातार सामाजिक कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन की कोर टीम और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोषाध्यक्ष हरीश पांडे, सुमित पांडे, हेम पांडे, प्रज्वल पांडे, निखिल पांडे, यश पांडे, मयंक श्रीवास्तव, दीपशिखा फुलारा, प्रभात फुलारा, परिधि पांडे, जफर, सोहेल सहित अन्य युवाओं ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में योगदान दिया।