उत्तराखंडक्राइम न्यूज़देहरादून

देहरादून में बड़ा फर्जीवाड़ा: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 45 युवकों से 8 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

देहरादून। राजधानी देहरादून में विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर युवाओं से जालसाजी करने का बड़ा मामला सामने आया है। गिरोह के झांसे में आकर देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के 45 युवकों ने करीब 8 लाख रुपये गंवा दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और अन्य पीड़ित युवकों ने बताया कि आरोपी ने खुद को कंसल्टेंसी संचालक बताकर उन्हें मलेशिया में आकर्षक वेतन वाली नौकरी दिलाने का लालच दिया था। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन, वीजा और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर प्रत्येक युवक से हजारों रुपये वसूले। फर्जी ऑफर लेटर देकर ऐंठे पैसे आरोपी ने सभी 45 युवाओं को भरोसे में लेने के लिए फर्जी अपॉइंटमेंट और ऑफर लेटर भी थमा दिए। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब उन्हें फ्लाइट का टिकट और वीजा नहीं मिला, तो युवकों ने आरोपी से संपर्क साधने की कोशिश की। पहले तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में उसने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया और दफ्तर में ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा ठगी का अहसास होने पर सभी पीड़ित युवा पटेलनगर कोतवाली पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई। पटेलनगर पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन को सर्विलांस पर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि विदेश या किसी भी संस्थान में नौकरी के लिए आवेदन करते समय अधिकृत एजेंसियों और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही किसी को धनराशि का भुगतान करें।

What's your reaction?