देहरादून। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) ने प्रदेशभर में सघन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में मंगलवार को भगवानपुर में नकली डेयरी उत्पादों की एक बड़ी खेप पकड़ी गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एफडीए की टीम ने सुबह लगभग पांच बजे बालेकी युसुफपुर गांव में एक वाहन को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन में बिना गुणवत्ता प्रमाणीकरण और स्वास्थ्य मानकों के पनीर सप्लाई की जा रही थी। उत्पादों पर एफएसएसएआई मानक अंकन या लेबलिंग नहीं थी, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
टीम ने मौके पर ही सभी उत्पादों को जब्त कर वाहन चालक और सप्लायर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज किया।
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में नकली डेयरी उत्पादों की आपूर्ति करने वाले गिरोहों पर विभाग की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी अभियान के तहत ऋषिकेश में भी एफडीए की टीम ने एक वाहन को रोका, जिसमें लगभग पांच क्विंटल क्रीम, 35 किलोग्राम घी और 50 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर सप्लाई किया जा रहा था। इन उत्पादों के पास भी कोई गुणवत्ता प्रमाण पत्र या अनुमोदन दस्तावेज नहीं थे।
टीम ने मौके पर सभी उत्पाद जब्त कर नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि ये उत्पाद अन्य राज्यों से अवैध रूप से लाए गए नकली उत्पाद हैं। विभाग ने ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। FDAAction #FakeDairyProducts #BhagwanpurNews #RishikeshNews #FoodSafety #UttarakhandNews #FSSAI #FoodAdulteration #FestivalSeason #DehradunNews #HealthAlert #FoodRaid #FakeGhee #FakePaneer #FoodDepartment #FSSAIIndia #AdulterationFreeIndia