देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज (Doon Medical College) में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग का गंभीर मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर 9 एमबीबीएस छात्रों को निलंबित कर हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य छात्रों पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पीड़ित छात्रों की शिकायत के बाद आंतरिक जांच शुरू की गई थी, जिसमें रैगिंग से जुड़े कई तथ्य सामने आए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संस्थान में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी। साथ ही छात्रों को यह संदेश दिया गया है कि रैगिंग जैसी गतिविधियां न केवल अनुशासनहीनता हैं, बल्कि कानूनन अपराध भी हैं।
कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि उनका उद्देश्य कैंपस में सुरक्षित, अनुशासित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना है, ताकि छात्र बिना किसी दबाव के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।