
देहरादून। विश्व प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ धाम के दर्शनों की आस लगाए बैठे देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) और IRCTC ने इस वर्ष की हेली सेवा बुकिंग की तारीख का ऐलान कर दिया है। केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आगामी 15 अप्रैल से शुरू होने जा रही है।
विज्ञापन हेतु संपर्क करें - 📞 9639789000
IRCTC पोर्टल पर होगी बुकिंग इस बार भी श्रद्धालुओं को टिकट बुक करने के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट का ही सहारा लेना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से की गई बुकिंग ही मान्य होगी। टिकटों की मारामारी को देखते हुए इस बार सर्वर को और अधिक सक्षम बनाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
साइबर ठगों से रहें सावधान: प्रशासन की चेतावनी हेली बुकिंग शुरू होने से पहले ही सक्रिय हुए साइबर ठगों को लेकर उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन ने ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है। सोशल मीडिया और गूगल पर कई फर्जी वेबसाइटें सक्रिय हैं जो कम दाम में टिकट दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रही हैं। प्रशासन ने अब तक ऐसी कई फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कर दिया है। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से भुगतान करें।
यात्रा पंजीकरण अनिवार्य हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने के लिए श्रद्धालुओं के पास चारधाम यात्रा का ‘पंजीकरण’ (Registration) होना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के हेली सेवा की बुकिंग संभव नहीं होगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पहले अपना यात्रा पंजीकरण कराएं और उसके बाद ही 15 अप्रैल को पोर्टल पर अपनी बारी का इंतजार करें।


